Site icon Lahar Chakra

Share Bazar: शेयर बाजारों में मुनाफावसूली से शुरुआती कारोबार में गिरावट, Sensex 460 अंक लुढ़का

Mumbai. घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बाजारों में तीन सत्र की तेजी के बाद मुनाफावसूली और अक्टूबर में खुदरा महंगाई बढ़कर 6.09 प्रतिशत होने के बाद अगले महीने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से नीतिगत दर बढ़ाए जाने की आशंका के बीच निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 460 अंक टूटकर 81,441.17 अंक पर और एनएसई निफ्टी 179.05 अंक फिसलकर 25,119.50 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और बजाज फिनसर्व के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं, टेक महिंद्रा, सन फार्मा, एचसीएल टेक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर में तेजी रही।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में कारोबार कर रहे हैं जबकि जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट बढ़त में रहा। अमेरिकी शेयर बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव 0.44 प्रतिशत फिसलकर 95.40 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 7,830.60 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 31.61 अंक और निफ्टी 44.30 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था।

Exit mobile version