Site icon Lahar Chakra

रविवार को सबसे गर्म रहा सरायकेला, दिन का तापमान 40 डिग्री पहुंचा, पांच से गिर सकता है पारा

रांची. झारखंड की राजधानी का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है. न्यूनतम तापमान भी तेजी से चढ़ रहा है. इस कारण ठंड का अहसास नहीं हो रहा है. सरायकेला रविवार को सबसे गर्म (40 डिग्री सेल्सियस) रहा. मौसम केंद्र ने पूर्वानुमान किया है कि पांच मार्च से राजधानी रांची का पारा फिर गिर सकता है. अधिकतम और न्यूनतम दोनों के पारा में गिरावट हो सकती है. इससे ठंड का अहसास फिर से होने लगेगा.

मौसम केंद्र के अनुसार पांच मार्च के बाद अधिकतम तापमान 28-29 डिग्री सेल्सियस के बीच हो सकता है. न्यूनतम तापमान में भी चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है. यह करीब 13-14 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. सोमवार को आसमान मुख्यत: साफ रहेगा. मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. राजधानी रांची और उसके आसपास के इलाकों में भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है.

रविवार को राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब छह डिग्री सेल्सियस ऊपर (21 डिग्री सेल्सियस) रिकॉर्ड किया गया. जमशेदपुर और डाल्टनगंज का पारा भी 37 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है. राज्य में सबसे अधिक गर्मी सरायकेला में रही. वहां का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया.

मौसम केंद्र ने पूर्वानुमान किया है कि अभी मौसम इसी तरह रहेगा. मौसम शुष्क रहेगा. आसमान साफ रहेगा. राज्य के सभी जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया है. पिछले 24 घंटे में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई. सबसे अधिक उच्चतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस बहरागोड़ा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस हजारीबाग में रिकॉर्ड किया गया.

Exit mobile version