
Ranchi : रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (होटवार जेल) में शुक्रवार सुबह प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी की. यह छापेमारी करीब तीन घंटे तक चली, जिसमें जेल के सभी वार्ड, महिला वार्ड, सेल और जेल अस्पताल तक की गहन जांच की गई.
यह कार्रवाई डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर की गई थी. छापेमारी का नेतृत्व सिटी एसपी पारस राणा और सदर एसडीओ उत्कर्ष गुप्ता ने किया. जांच टीम में कई पुलिस उपाधीक्षक, दंडाधिकारी, थाना प्रभारी, एसडीओ, 12 सब इंस्पेक्टर और बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल थे.
जांच के दौरान कुख्यात कैदियों के वार्ड भी खंगाले गए, लेकिन पुलिस को किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु या सामग्री नहीं मिली. प्रशासन ने बताया कि जेल के भीतर सभी हालात सामान्य और नियंत्रण में पाए गए. छापेमारी के दौरान शांति व्यवस्था पूरी तरह बनी रही और कोई अवैध गतिविधि सामने नहीं आई.
