Site icon Lahar Chakra

T20 Women’s World Cup: दक्षिण अफ्रीका को 32 रन से हराकर न्यूजीलैंड की महिला टीम पहली बार बनी टी20 विश्व कप विजेता

Dubai. अनुभवी अमेलिया केर के हरफनमौला खेल के दम पर न्यूजीलैंड ने महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में रविवार को यहां दक्षिण अफ्रीका को 32 रन से हराकर पहली बार इस खिताब को अपने नाम किया. ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ केर ने बल्ले से सबसे ज्यादा 43 रन बनाने के बाद तीन विकेट चटका कर मैच पर न्यूजीलैंड का दबदबा कायम किया. उन्होंने ब्रूक हैलिडे (38) के साथ चौथे विकेट के लिए 44 गेंद में 57 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर पांच विकेट पर 158 रन बनाने के बाद पिछली बार की उपविजेता टीम दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट पर 126 रन पर रोक कर चैम्पियन बनने के उसके सपने को पूरा नहीं होने दिया.

दक्षिण अफ्रीका के लिए कप्तान लौरा वुलवोर्ट ने 27 गेंद में 33 रन का योगदान दिय लेकिन उन्हें टीम के दूसरे बल्लेबाजों से अच्छा योगदान नहीं मिला. न्यूजीलैंड के लिए केर के अलावा रोजमेरी मेयर ने भी तीन विकेट चटकाये. ईडन कार्सन, फ्रैन जोनस और हैलिडे को एक-एक सफलता मिली. केर ने 38 गेंद की पारी में चार जबकि हैलिडे ने 28 गेंद की अपनी आक्रामक पारी में तीन चौके लगाये. टीम के लिए सूजी बेट्स ने भी 31 गेंद में तीन चौकों की मदद से 32 रन का योगदान दिया. दक्षिण अफ्रीका के लिए एन. म्लाबा ने दो जबकि आयाबोंगा खाका, क्लोई ट्रायोन और नडिन डी क्लर्क को एक-एक सफलता मिली.लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार लय में चल रही लौरा वुलवार्ट ने शुरुआती चार ओवरों में चार चौके लगाकर टीम की रनगति को बनाये रखा. तेजमिन ब्रिट्स ने छठे ओवर में रोजमेरी मायर्स के खिलाफ चौका लगाया जिससे पावर प्ले में टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 47 रन हो गया.

न्यूजीलैंड ने पावरप्ले के बाद मैच पर शिकंजा कसना शुरू किया. फ्रैंन जोनास ने सातवें ओवर में ब्रिट्स की 18 गेंद में 17 रन की पारी को खत्म करने के साथ पहले विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी को तोड़ा. दसवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आयी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली अमेलिया केर ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली वुलवोर्ट को पवेलियन की राह दिखाने के बाद एनेक बोश (चार रन) को विकेटकीपर गेज के हाथों कैच कराया. एक ओवर में दो विकेट गंवाने के बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम बैकफुट पर आ गयी.

Exit mobile version