Site icon Lahar Chakra

Tata Group: नोएल टाटा 11 नवंबर को ट्रेंट के चेयरमैन पद से होंगे सेवानिवृत्त, बहराम वकील संभालेंगे जिम्मेदारी

New Delhi. टाटा समूह की खुदरा कारोबार कंपनी ट्रेंट लिमिटेड के चेयरमैन नोएल एन. टाटा 11 नवंबर को पद से सेवानिवृत्त होंगे। उनके स्थान पर कंपनी ने बहराम वकील को 12 नवंबर से नया चेयरमैन नियुक्त किया है। ट्रेंट ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि नोएल टाटा 12 नवंबर से मानद चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे। कंपनी ने उनके योगदान को देखते हुए यह निर्णय लिया है। वह 1997 से ही ट्रेंट से जुड़े रहे हैं।
कंपनी ने कहा कि उनके रणनीतिक मार्गदर्शन और नेतृत्व ने उसकी बाजार स्थिति मजबूत करने तथा वृद्धि हासिल करने में मदद की। निदेशक मंडल ने कंपनी में उनके 29 वर्षों के योगदान की सराहना की।
निदेशक मंडल ने राजीव दुबे को 30 अक्टूबर से अतिरिक्त गैर-कार्यकारी, गैर-स्वतंत्र निदेशक नियुक्त करने की भी मंजूरी दी है। यह नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।

इसके अलावा, कल्पना मर्चेंट को 30 अक्टूबर, 2026 से तीन साल के लिए अतिरिक्त निदेशक और स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति भी शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है। कंपनी ने कहा कि नेतृत्व में बदलाव टाटा समूह के संचालन संबंधी दिशानिर्देशों के अनुरूप है। इन दिशानिर्देशों में निदेशक मंडल की संरचना, समितियों और निदेशकों की सेवानिवृत्ति से जुड़े प्रावधान शामिल हैं।

ट्रेंट कंपनी वेस्टसाइड और जूडियो जैसे ब्रांड के जरिए फैशन खुदरा कारोबार में सक्रिय है। इसके अलावा कंपनी स्टार नाम से खाद्य एवं किराना कारोबार भी चलाती है। कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 468 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान उसका राजस्व 22 प्रतिशत बढ़कर 5,873 करोड़ रुपये हो गया।

Exit mobile version