Site icon Lahar Chakra

Tata Motors: टाटा मोटर्स को हो गयी इटली की वाणिज्यिक वाहन कंपनी इवेको, कंपनी ने बहुलांश हिस्सेदारी का किया अधिग्रहण

New Delhi. टाटा मोटर्स ने इटली की वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता कंपनी इवेको ग्रुप में 89.42 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर लिया है। निविदा पेशकश के शुरुआती निपटान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इवेको अब टाटा मोटर्स की अप्रत्यक्ष अनुषंगी कंपनी बन गई है। दोनों कंपनियों ने शुक्रवार को संयुक्त बयान में कहा कि टाटा मोटर्स की अप्रत्यक्ष पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी टीएमएल सीवी होल्डिंग्स बी.वी. ने इवेको के 23,81,57,212 सामान्य शेयरों का अधिग्रहण किया है। यह इवेको की कुल सामान्य शेयर पूंजी का लगभग 89.42 प्रतिशत है।

बयान में कहा गया, इवेको ग्रुप अब टाटा मोटर्स का हिस्सा बन गया है। यह अधिग्रहण 2008 में फोर्ड से जगुआर लैंड रोवर खरीदने के बाद टाटा मोटर्स का सबसे बड़ा अधिग्रहण है। यह निपटान स्वैच्छिक निविदा पेशकश की स्वीकृति अवधि पूरी होने के बाद हुआ है। इसके तहत टाटा मोटर्स ने इवेको के प्रत्येक सामान्य शेयर के लिए 14.4 यूरो नकद देने की पेशकश की थी।

कंपनियों ने कहा कि शेयरधारकों को अपने शेयर बेचने का एक और मौका देने के लिए निविदा पेशकश की स्वीकृति अवधि दो नवंबर से छह नवंबर, 2026 तक पांच कारोबारी दिनों के लिए फिर खोली जाएगी। इस अवधि में पेश किए गए शेयरों का निपटान 13 नवंबर को होगा। अधिग्रहण के निपटान के बाद इवेको ग्रुप ने अपने निदेशक मंडल और कॉरपोरेट संचालन व्यवस्था में भी बदलावों की घोषणा की है।

Exit mobile version