Site icon Lahar Chakra

Tata Motors Workers Union : तीसरी बार अध्यक्ष बने गुरमीत सिंह तोते, आरके सिंह भी निर्विरोध महामंत्री निर्वाचित

Jamshedpur. जमशेदपुर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के चुनाव में तीसरी बार अध्यक्ष पद पर गुरमीत सिंह तोते और आरके सिंह महामंत्री चुने गये. मतदान के उपरांत ओल्ड कैंटीन कम्युनिकेशन हॉल में नवनिर्वाचित सभी कमेटी मेंबरों ने सर्वसम्मति से टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन का तीसरी बार गुरमीत सिंह तोते को अध्यक्ष और आरके सिंह को महामंत्री चुना. कमेटी मेंबर पद पर गुरमीत सिंह तोते फाउंड्री डिवीजन और महामंत्री आरके सिंह एक्सल डिवीजन से भी निर्विरोध निर्वाचित हुए थे.

चुनाव के बाद रात में ही कमेटी मीटिंग हुई, जिसमें अशोक उपाध्याय ने महामंत्री के नाम पर आरके सिंह का प्रस्ताव दिया, जिसका सभी ने हाथ उठाकर समर्थन किया. इसके बाद महामंत्री आरके सिंह ने अध्यक्ष के लिए गुरमीत सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका सभी ने समर्थन किया. देर रात चुनाव पदाधिकारी चिदानंद खंडई ने इसकी अधिकारिक घोषणा की. टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के 85 कमेटी मेंबर पद और 25 ऑफिस बियररों का चुनाव मंगलवार देर रात पूरा हो गया. कमेटी मेंबर चुनाव के लिए मंगलवार की सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ. सभी डिवीजन में चुनाव शांतिपूर्ण और सीसीटीवी की निगरानी में हुई. शाम छह बजे ओल्ड कैंटीन कम्युनिकेशन हॉल में मतगणना शुरू हुई. मतगणना की समाप्ति के उपरांत नवनिर्वाचित कमेटी मेंबरों की पहली बैठक हुई. बैठक में सबसे पहले को-ऑप्शन पर चर्चा की गयी. इसके उपरांत अध्यक्ष, महामंत्री सहित अन्य पदाधिकारियों चुने गये.

सहायक सचिव सहित 6 कमेटी मेंबर हारे

यूनियन के सहायक सचिव लाल बाबू प्रसाद सहित निवर्तमान 6 कमेटी मेंबरों को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. सहायक सचिव लालबाबू प्रसाद आठ वोट से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से चुनाव हार गये. हारने वाले प्रमुख प्रत्याशियों में निवर्तमान कमेटी मेंबर एचवीटीएल से मनोज कुमार तिवारी, पुष्पेंद्र कुमार मिश्रा, नायक मोहम्मद, जय नारायण सिंह, राकेश कुमार, आनंद कुमार सहित कुल 6 कमेटी मेंबर शामिल है. जबकि पहली बार यूनियन के प्रवक्ता नवीन सोलंकी, अमन कुमार, संजीव कुमार, विनोद उपाध्याय, शैलेंद्र कुमार, मिठून महतो कमेटी मेंबर का चुनाव जीतने में सफल रहे.

Exit mobile version