
Jamshedpur. टाटा स्टील ने सेफ्टी को लेकर कड़े कदम उठाये हैं. कंपनी ने रिपोर्टिंग के नियम को और कड़ा किया है. इसको लेकर कंपनी की ओर से नया एक्सीडेंट रिपोर्टिंग प्रोटोकॉल जारी किया गया है. कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट सेफ्टी, हेल्थ व सस्टेनेबल राजीव मंगल के हस्ताक्षर से एक सरकुलर जारी किया गया है, जिसमें यह कहा गया है कि अगर किसी भी तरह की छोटी सी दुर्घटना भी होती है, तो रिपोर्ट की जायेगी. अगर छिपाया जाता है तो कार्रवाई भी होगी.
सेफ्टी को बेहतर बनाने के लिए यह रिपोर्टिंग जरूरी है. वीपी ने बताया है कि यह देखा गया है कि हाल के दिनों में कई सारी घटना की रिपोर्टिंग या तो नहीं हुई है या फिर देर से हुई है. ऐसे में कहा गया है कि किसी तरह की छोटी या बड़ी घटना की सही रिपोर्टिंग करायी जाये. रिपोर्टिंग को लाइन मैनेजर और सेफ्टी प्रोफेशनल के माध्यम से रिपोर्टिंग किया जाना है ताकि घायल का सही समय से और बेहतर इलाज हो सके. यह भी देखा गया कि जब भी कोई हल्की घटना होती है उसको छुपाया जाता है, उसके भुक्तभोगी यह सोचकर नहीं बताते है कि ज्यादा कुछ नहीं हुआ है.
बाद में जब इंजरी होती है या दर्द होता है, तब जाकर मालूम चलता है. ऐसे में यह पता कर पाना मुश्किल होता है कि आखिर कंपनी के भीतर यह घटना घटी है या बाहर घटी है. इस कारण सभी तरह की घटना की रिपोर्ट करने को कहा गया है.
