
Mumbai. स्थानीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहा और बीएसई सेंसेक्स 741 अंक चढ(गया, जबकि एनएसई निफ्टी 23,500 अंक का स्तर पार कर गया. लार्सन एंड टुब्रो के तीसरी तिमाही के अनुकूल नतीजों और आर्थिक समीक्षा से वृद्धि तेज करने वाले बजट की उम्मीद से बाजार को समर्थन मिला. बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 740.76 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,500.57 अंक पर बंद हुआ.
कारोबार के दौरान एक समय यह 846.15 अंक तक चढ़ गया था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी भी 258.90 अंक यानी 1.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,508.40 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 297.3 अंक तक चढ़ गया था.
शुक्रवार को संसद में पेश आर्थिक समीक्षा 2024-25 में अनुमान जताया गया है कि मजबूत बुनियाद, सूझ-बूझ वाली राजकोषीय मजबूती की रूपरेखा और निजी खपत बने रहने के साथ देश की आर्थिक वृद्धि दर वित्त वर्ष 2025-26 में 6.3 प्रतिशत से 6.8 प्रतिशत रह सकती है.
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘आर्थिक समीक्षा से यह संकेत मिलता है कि बजट आर्थिक वृद्धि को गति देने वाला होगा. इससे बाजार में तेजी आई. सकारात्मक वैश्विक संकेतों और प्रमुख कंपनियों के उम्मीद से बेहतर वित्तीय नतीजों से भी तेजी को समर्थन मिला. उन्होंने कहा, ‘बाजार को उम्मीद है कि खपत को बढ़ावा देने के लिए व्यक्तिगत कर में कटौती के साथ रोजगार सृजन के लिए कदम उठाये जाएंगे. राजकोषीय घाटे में कटौती करके लेकिन बुनियादी ढांचे के खर्च को बढ़ावा देकर सरकार बाजार में संभावित सुधार के लिए रास्ता तैयार कर सकती है.
सेंसेक्स की कंपनियों में से लार्सन एंड टुब्रो का शेयर 4.31 प्रतिशत मजबूत हुआ. बुनियादी ढांचे और इंजीनियरिंग कंपनी का एकीकृत लाभ 14 प्रतिशत बढ़कर 3,359 करोड़ रुपये रहा. मुख्य रूप से आय बढ़ने से कंपनी का लाभ बढ़ा है. नेस्ले के शेयर में भी 4.25 प्रतिशत की वृद्धि हुई. 31 दिसंबर, 2024 को समाप्त तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 4.94 प्रतिशत बढ़कर 688.01 करोड़ रुपये रहने की सूचना से इसका शेयर चढ़ा. इसके अलावा इंडसइंड बैंक, टाइटन, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, आईटीसी और मारुति भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे.
दूसरी तरफ आईटीसी होटल्स, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर नुकसान में रहे.
पूरे जनवरी माह में बीएसई सेंसेक्स 638.44 अंक नुकसान में रहा, जबकि निफ्टी में 136.4 अंक की गिरावट आई.
छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 1.83 प्रतिशत उछला जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित बीएसई मिडकैप 1.76 प्रतिशत मजबूत हुआ.
