Site icon Lahar Chakra

झारखंड में 2 से 3 डिग्री तक गिरेगा तापमान, मौसम विभाग ने 7 जनवरी तक किया शीतलहर का अलर्ट

रांची.  झारखंड के 10 जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया जिसके बाद मंगलवार को राज्य में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. आईएमडी ने जिन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है उनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और चतरा शामिल है. इन जिलों में सात जनवरी तक शीतलहर का प्रकोप बना रह सकता है.

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में गुमला में राज्य का सबसे कम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद खूंटी में 3.7 डिग्री और लोहरदगा में 3.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा. राज्य की राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया, क्षोभमंडल के निचले स्तरों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की हवाओं के कारण तापमान में यह गिरावट आई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आ सकती है. हालांकि उसके बाद दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है.

मंगलवार को रांची  का 7.2 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर  का 9.3 डिग्री सेल्सियस, डाल्टेनगंज का 4.6 डिग्री सेल्सियस, बोकारो का 6.7 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा का 7.4 डिग्री सेल्सियस, खूंटी  का 3.7 डिग्री सेल्सियस, लोहरदगा  का 6.9 डिग्री सेल्सियस, सरायकेला का 6.8 डिग्री सेल्सियस, पाकुर का 6.5 डिग्री सेल्सियस और गुमला का 2.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया.

Exit mobile version