
रांची. झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान के ऊपर बन रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर मंगलवार से ही दिखने लगा. आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे. वहीं, बुधवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे.
साथ ही दक्षिणी पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना बन रही है. वहीं, न्यूनतम तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस की कमी रिकॉर्ड की जाएगी.
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राज्य के मौसम में बदलाव आया है. 19 और 20 फरवरी को वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 19 फरवरी को दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज सहित अन्य क्षेत्रों में गर्जन के साथ वज्रपात की संभावना है. 20 फरवरी को रांची, बोकारो और रामगढ़ में बारिश होने की संभावना है.
पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा. सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज किया गया.
इसके साथ ही 20 फरवरी को आंशिक बादल छाए रहेंगे. साथ ही कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना बन रही है. वहीं 21 फरवरी को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे. साथ ही दक्षिणी हिस्सों में कहीं कहीं पर हल्के दर्जे की बारिश होने की संभावना है. जबकि 22 फरवरी को आंशिक बादल छाए रहेंगे. साथ ही कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.
