
जमशेदपुर. रेलवे में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के चौथे साथी को बिष्टुपुर पुलिस ने बोकारो से गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार धराया व्यक्ति आसनसोल में एक अस्पताल में कर्मचारी है. उसकी पत्नी भी अस्पताल में नर्स है. इस मामले में गिरफ्तार मनीष कुमार उक्त व्यक्ति के जरिये ही आसनसोल स्थित अस्पताल में युवक का फर्जी मेडिकल जांच कराता था और कागजात भी उपलब्ध कराता था.
पुलिस इस मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुटी है. पुलिस ने इस मामले में पूर्व में मुख्य आरोपी बोकारो चास निवासी मनीष कुमार के अलावा बोकारो के कसमार थाना क्षेत्र के राजदीप कुमार और मंतोष कुमार को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवकों ने कई लोगों से रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की है, लेकिन किसी को नौकरी नहीं दिलायी. गिरफ्तार युवकों के पास से पुलिस ने कुछ कागजात बरामद किए हैं. इसके अलावा चारों का मोबाइल भी जब्त कर लिया है. जब्त किये गये मोबाइल से पुलिस को रुपये लेनदेन और कागजात की जानकारी मिली है.
