Site icon Lahar Chakra

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल को बम से उड़ाने की धमकी, कड़ी की गयी सुरक्षा

कोलकाता. पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को जान से मारने की धमकी मिली है. मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात एक ई-मेल के जरिए उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी गई. यह ई-मेल लोकभवन के एक अधिकारी को मिला, जिसके बाद तुरंत राज्यपाल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

अधिकारियों ने बताया कि धमकी मिलने के बाद लोकभवन में सीआरपीएफ और पुलिस की टीमें तैनात कर दी गई हैं. राज्यपाल की सुरक्षा में तैनात स्पेशल ड्यूटी ऑफिसर ने इस मामले की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी दे दी है. हालात की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार देर रात वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत करने पर चर्चा की गई. अधिकारियों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब राज्यपाल को इस तरह की धमकी मिली हो. पहले भी उन्हें धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं. फिलहाल ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और धमकी की जांच की जा रही है.

इस मामले पर राजनीति भी तेज हो गई है. बीजेपी नेता अमित मालवीय ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के शासन में राज्यपाल तक सुरक्षित नहीं हैं और पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है. अमित मालवीय ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोयला तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक निजी फर्म को बचाने में लगी हुई हैं. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई में दखल दे रही हैं.

बता दें कि गुरुवार को पश्चिम बंगाल में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राजनीतिक सलाहकार फर्म I-PAC के दफ्तर पहुंचीं. उस समय ED कोयला तस्करी मामले में वहां तलाशी अभियान चला रही थी. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ED ने पार्टी से जुड़े दस्तावेज, हार्ड डिस्क और अन्य जरूरी फाइलें जब्त की हैं. उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया. बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बीच बढ़ते टकराव के बीच ममता बनर्जी ने शुक्रवार 9 जनवरी को कोलकाता में ED की कार्रवाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. उल्लेखनीय है कि इस साल पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने हैं.

Exit mobile version