New Delhi. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली ने शुक्रवार को घोषणा की कि आईआईटी में दाखिले के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा जेईई-एडवांस्ड 23 मई, 2027 को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा का आयोजन आईआईटी दिल्ली करेगा। जेईई-मेन में सबसे अधिक अंक हासिल करने वाले शीर्ष 2.5 लाख अभ्यर्थियों को जेईई-एडवांस्ड में शामिल होने की अनुमति दी जाती है।
एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया, ‘‘संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई)-एडवांस्ड 23 मई, 2027 को आयोजित की जाएगी। इसमें कहा गया, ‘‘जेईई-एडवांस्ड में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 10-12 अंकों की डिस्प्ले वाले बेसिक (गैर-वैज्ञानिक) ऑन-स्क्रीन कैलकुलेटर का इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी। अभ्यर्थियों को लगातार दो वर्षों में अधिकतम दो बार परीक्षा देने की अनुमति है। पहली बार परीक्षा कक्षा 12वीं उत्तीर्ण करने वाले वर्ष में और दूसरी बार उसके अगले वर्ष दी जा सकती है।
