Site icon Lahar Chakra

झारखंड में दो दिनों तक हाेगी वज्रपात और ओलावृष्टि, मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया  

रांची. झारखंड में दो दिनों तक वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना है. इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार 20 और 22 फरवरी को राज्‍य के दक्षिणी और मध्‍यवर्ती जिलों में कहीं कहीं वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना है. 20 फरवरी को जिन दक्षिणी जिलों में वज्रपात और ओलावृष्टि हो सकती है उनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां शामिल है, जबकि मध्‍यवर्ती जिलों में रांची, खूंटी, गुमला, रामगढ, हजारीबाग शामिल है. इसके अलावा इन जिलों के कुछ स्‍थानों पर 40 से 50 किमी. की गति से तेज हवा चलने की भी संभावना है.

21 फरवरी को मौसम सामान्‍य रहेगा, जबकि 22 फरवरी को दक्षिणी, मध्‍यवर्ती और इससे लगे उत्‍तर पूर्वी भागों में कहीं कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है. साथ ही राज्‍य के दक्षिण पश्चिमी, मध्‍य और नजदीकी उत्‍तर पूर्वी भागों कहीं कहीं गर्जन के साथ तेज हवा चलने की संभावना है. इसके अलावा पश्चिमी जिले जिनमें पलामू, गढवा, चतरा, कोडरमा और लातेहार शामिल हैं यहां कहीं कहीं गर्जन और 30 से 40 किमी की गति से तेज हवा चलने की संभावना है. वहीं बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह में कुहासा रहा. हालांकि दिन चढने के साथ मौसम साफ हो गया. बाद में दिन भर आंशिक बादल छाया रहा.

राज्‍य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 36 ड्रिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. रांची में तापमान 29 डिग्री, जमशेदपुर में 33.4, डालटनेगंज में 32.7, बोकारो में 32.5, चाईबासा में 34.8 और देवघर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

Exit mobile version