
Dhalbhumgarh. पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन रविवार को धालभूमगढ़ के आमाडुबी पर्यटन केंद्र पहुंचे. यहां पर्यटन मंत्री ने केंद्र में बने म्यूजियम एवं पाटकर पेंटिंग प्रशिक्षण केंद्र को देखा. उन्होंने पेंटिंग गुरु अनिल चित्रकार, विजय चित्रकार से पाटकर पेंटिंग की खासियत की जानकारी ली.
उन्होंने पाटकर उन्होंने म्यूजियम में रखे पारंपरिक वाद्य यंत्रों का अवलोकन किया और इसे अमूल्य धरोहर बताते हुए उसके संरक्षण एवं संवर्द्धन की बात कही. उन्होंने केंद्र में बने कॉटेज का निरीक्षण किया.
अधिकारियों के साथ बैठक कर पर्यटन केंद्र के अब तक के सफर एवं व्यवस्था की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों के साथ पर्यटन केंद्र के आसपास के गांव में होम स्टे की योजनाओं पर चर्चा की. मंत्री का कहना था कि होम स्टे व्यवस्था लागू होने से ग्रामीणों को रोजगार मिलेगा. पर्यटक ग्रामीण परिवेश एवं संस्कृति से सीधे रूबरू हो सकेंगे.
उन्होंने पाटकर पेंटिंग को जल्द जीआई टैग की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही. इससे इन्हें आर्थिक लाभ भी होगा. उन्होंने अधिकारियों को होम स्टे योजना के बारे में विस्तार से रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया. मौके पर पर्यटन सचिव मनोज कुमार, निदेशक अंजली यादव, उपायुक्त अनन्य मित्तल, ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, एसडीओ सुनील चंद्र एवं अन्य मौजूद थे.
