Site icon Lahar Chakra

Trade Union Election : Railway में ट्रेड यूनियन चुनाव के पहले दिन Tatanagar में 38.59 प्रतिशत वोटिंग, आज और कल भी होगा मतदान

Jamshedpur.रेलवे में ट्रेड यूनियन की मान्यता हासिल करने के लिए बुधवार से मतदान शुरू हो गया. टाटानगर में बनाये गये छह मतदान केंद्रों में सुबह आठ बजे से ही वोटिंग शुरू हो गयी थी. मतदान केंद्र के बाहर ट्रेड यूनियन के शिविर को लेकर कुछ जगहों पर आपस में बहस हुई, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गयी. रेल अधिकारियों ने सभी यूनियनों के नेताओं को मतदान केंद्र से 100 मीटर की दूरी पर अपने सहायता शिविर लगाने को कहा. टाटानगर में 4,467 मतदाता हैं, पहले दिन 38.59 प्रतिशत ने अपने मत का प्रयोग किया .

मतदान गुरुवार व शुक्रवार को भी जारी रहेगा. मेंस कांग्रेस के संयोजक शशि मिश्रा ने टाटानगर में रेलकर्मियों से अपील की है कि वे अपने अधिकार का प्रयोग करें, मतदान अवश्य करें. मेंस कांग्रेस यूनियन ने 2007 में 42 प्रतिशत और 2013 में 46 प्रतिशत मत हासिल कर साउथ ईस्टर्न रेलवे जोन में टॉप पर रही थी. बहालदा बूथ के अधिकांश मतदाता रनिंग स्टॉफ हैं. उनकी ड्यूटी हल्दीपोखर, रायरंगपुर में होने के कारण वे पहले दिन अधिक संख्या में वोट नहीं कर पाये.

12 दिसंबर को जारी होगा परिणाम

लगातार तीन दिनों तक मतदान के बाद सभी मतपेटियां निर्धारित स्ट्रॉन्ग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखी जायेगी. जोनल वाइज हो रहे चुनाव का परिणाम सभी डिवीजन में काउंटिंग होने के बाद 12 दिसंबर को गार्डनरीच कोलकाता से शाम पांच बजे जारी किये जायेंगे.

11साल बाद हो रहा चुनाव

भारतीय रेलवे में 11 साल बाद ट्रेड यूनियन का चुनाव हो रहा है. राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित चुनाव में 12 लाख रेल कर्मचारी मतदान में हिस्सा ले रहे हैं. यह चुनाव हर 5 साल में होता है, लेकिन विभिन्न कारणों से 11 साल बाद हो रहा है.

Exit mobile version