Site icon Lahar Chakra

Traffic Meeting: Jamshedpur DC ने की यातायात एवं सड़क सुरक्षा की बैठक, NH पर अवैध पार्किंग के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश,नौ Black Spot चिन्हित, कनेक्टिंग रोड के पास ब्लिंकर्स व ओवर स्पीडिंग रोकने के लिए लगेंगे बैरियर

Jamshedpur. जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अनन्य मित्तल की अध्यक्षता में मंगलवार को यातायात व सड़क सुरक्षा की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में एसएसपी किशोर कौशल, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अनिकेत सचान, एसडीओ धालभूम शताब्दी मजूमदार, ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष समेत संबंधित विभागीय पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए. बैठक में सड़क हादसों को नियंत्रित करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रावधानों को प्रभावी तरीके से अमल में लाने समेत अन्य संबंधित विषयों को लेकर बैठक में चर्चा की गयी. सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा में एनएच किनारे अवैध रूप से पार्किंग करना, गलत साइड में ड्राइविंग व ओवर स्पीड प्रमुख कारण पाये गये.

एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा किये गये एक सर्वे में नौ स्थान चिन्हित किये गये हैं, जहां सड़क दुर्घटनाएं लगातार हो रही है. उन्होंने हाइवे पर अवैध पार्किंग के विरुद्ध ठोस कार्रवाई को लेकर हार्ड बैरिकेडिंग किये जाने, हाइवे में मिलने वाली कनेक्टिंग रोड के पास ब्लिंकर्स लगाने व ओवर स्पीडिंग रोकने के लिए चिन्हित स्थलों पर बैरियर लगाने के सुझाव दिये.

फरवरी 2025 में 33 सड़क दुर्घटनाएं
फरवरी 2025 में 33 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें 25 लोगों की मौत व 20 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. वल्नरेबल एक्सीडेंटल प्वाइंट्स एवं सड़कों के कर्व (घुमावदार सड़क) स्थलों को चिन्हित करते हुए आवश्यकतानुसार सुधार करने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, ओवर लोडिंग, ओवर स्पीड, बिना सीट बेल्ट व यातायात नियमों के अन्य प्रकार के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया गया.

उपायुक्त ने दिये ये निर्देश
उपायुक्त ने एनएचएआइ के पदाधिकारी को उक्त सुझावों पर ठोस कार्रवाई के निर्देश दिये. जेम्को, दोमुहानी, एमजीएम एवं पीडब्ल्यूडी चौक बहरागोड़ा में अक्सर हो रही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर विशेष पहल करने का निर्देश एनएचएआइ, जेएनएसी के पदाधिकारी व टाटा स्टील के प्रतिनिधि को दिया गया. उप नगर आयुक्त जेएनएसी, ट्रैफिक डीएसपी व टाटा स्टील के प्रतिनिधि को संयुक्त निरीक्षण कर जेम्को क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए पार्किंग स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया गया.

निर्धारित पार्किंग में लगेंगी ऑटो, आइएसबीटी में सुविधाएं
जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा के दौरान जिला के वरीय पदाधिकारियों ने साकची गोलचक्कर में ऑटो चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि ऑटो चालक निर्धारित पार्किंग स्थल में ही ऑटो लगायें और सवारी बैठायें. बैठक में आइएसबीटी को अस्थायी तौर पर विकसित करते हुए मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने पर विमर्श किया गया. एसडीओ धालभूम एवं मानगो नगर निगम के पदाधिकारी को आइएसबीटी में यात्रियों की सुविधा के लिए अस्थायी शेड निर्माण, चलंत शौचालय को लेकर पहल करने का निर्देश दिया गया.

 

Exit mobile version