Site icon Lahar Chakra

Railway burning Train: अमृतसर से बंगाल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में भीषण आग, चार बोगियां खाक

New Delhi. पंजाब के राजपुरा के पास शुक्रवार को अमृतसर से पश्चिम बंगाल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में अचानक आग लगने से यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते ट्रेन की कई बोगियों से धुएं का घना गुबार उठने लगा। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और एहतियात के तौर पर ट्रेन को राजपुरा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग की चपेट में ट्रेन की चार बोगियां आईं। इनमें दो बोगियों में आग काफी भीषण बताई गई। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन के इंजन से पांचवें डिब्बे तक धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद यात्रियों को खतरे का अंदेशा हुआ। ट्रेन के भीतर धुआं फैलने लगा तो लोग अपना सामान लेकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। कुछ ही देर में घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि राजपुरा के नजदीक बसंतपुरा स्टेशन के पास सराय बंजारा क्षेत्र में यह घटना हुई। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और संबंधित कर्मचारी सक्रिय हो गए।

जलती बोगियों को ट्रेन से किया गया अलग
आग को दूसरी बोगियों तक फैलने से रोकने के लिए रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई की। आग से प्रभावित बोगियों को ट्रेन के बाकी हिस्से से अलग कर दिया गया। मौके पर दमकल की गाड़ियां भी पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी को ट्रेन से सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था की। हालांकि, आग की वजह से यात्रियों के सामान को काफी नुकसान पहुंचने की सूचना है।

Exit mobile version