New Delhi. दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर मेल, एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनों के रद्द होने को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच उत्तर रेलवे ने शुक्रवार देर शाम कहा कि 250 से अधिक ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। रेलवे बोर्ड द्वारा सुबह जारी एक आधिकारिक सूचना में कहा गया था कि यातायात में बाधा को देखते हुए अन्य राज्यों के विभिन्न स्टेशनों से नौ अक्टूबर को दोपहर दो बजे के बाद छूटने वाली तथा 10 अक्टूबर को तड़के चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच नयी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली ट्रेनों को रद्द किया जाएगा।
इस आधार पर पहले 38 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की गईं, जिन्हें बाद में बढ़ाकर 45 कर दिया गया। इसके बाद एक अन्य सूचना में रेलवे ने दिल्ली आने वाली 40 और यहां से जाने वाली 35 ट्रेनों को रद्द कर दिया। लेकिन शाम तक उत्तर रेलवे ने रद्द की गई कुल ट्रेनों की संख्या को संशोधित कर 250 से अधिक कर दिया, जिसमें मेल, एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनें शामिल हैं।
