Site icon Lahar Chakra

गिरिडीह में ट्रक और बोलेरे पिकअप की टक्कर, तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत

Giridih : गिरिडीह जिले के ताराटांड थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. उल्टी दिशा से आ रहे एक तेज़ रफ्तार ट्रक और सवारी वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें तीन मजदूरों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए. हादसे में सवारी वाहन और ट्रक दोनों ही पलट गए.

मिली जानकारी के अनुसार सवारी वाहन गिरिडीह से धनबाद की ओर जा रहा था. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी वाहन सड़क किनारे पलट गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी.

विधायक प्रतिनिधि फरदीन अहमद ने बताया कि मृतक मजदूर बजगुंदा पंचायत के रहने वाले थे और हजारीबाग में काम करने के बाद दुर्गा पूजा मनाने घर लौट रहे थे. मृतकों की पहचान नंद किशोर (47), कमल (38) और जगदीश भोक्ता (45) के रूप में हुई है. घायलों में संजीत, किसान भोक्ता, बगलू भोक्ता और रामू भोक्ता शामिल हैं. दो की हालत गंभीर है जिन्हें इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है.

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ जीतवाहन उरांव दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों का हाल जानने सदर अस्पताल भी गए. उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और घायलों को हर संभव मदद दी जा रही है.

 

Exit mobile version