Site icon Lahar Chakra

बिजली बिल और आरटीओ ई-चालान के नाम पर ठगी करने वाले दो साइबर अपराधी गिरफ्तार

Jamtara : जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराधियों को करारा झटका दिया है. साइबर थाना की पुलिस ने दो शातिर साइबर क्रिमिनल्स को गिरफ्तार किया है. इन दोनों को कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दबोचा गया है. इनके पास से 10 लाख रुपए कैश, लैपटॉप, मोबाइल फोन, फर्जी सिम और एटीएम कार्ड सहित कई अन्य सामान बरामद किये गये हैं.

जामताड़ा एसपी राजकुमार मेहता को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गयी. एसपी को इंफॉर्मेशन मिली थी कि राजाबांध तालाब के पास कुछ साइबर अपराधी मौजूद हैं. किसी को चूना लगाने की तैयारी कर रहे हैं. मिली इंफॉर्मेशन पर SP राजकुमार मेहता ने एक टीम गठित की. पीएस चंद्रमणि भारती की देखरेख में गठित टीम ने बताये गये लोकेशन पर रेड मारी और कांड कर रहे दो साइबर अपराधियों को धर दबोचा. पुलिस की गिरफ्त में आये दोनों शातिर के नाम रितेश कुमार मंडलऔर पवन मंडल बताये गये. इनके पास से ₹9,91,000 कैश, 5 मोबाइल फोन, 6 फर्जी सिम, 6 एटीएम कार्ड, 3 चेकबुक, 2 लैपटॉप और 1 आधार कार्ड बरामद किया. अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है और उनके खिलाफ जामताड़ा साइबर थाना में मामला दर्ज किया गया है.

एसपी राजकुमार मेहता ने खुलासा कि अभियुक्त व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों को इलेक्ट्रिसिटी बिल या आरटीओ ई-चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर इंस्टॉल करवाते थे. इसके बाद मोबाइल में मौजूद गोपनीय जानकारी हासिल कर ई-वॉलेट के जरिए ठगी करते थे.

पूर्व से रह चुका है आपराधिक इतिहास
प्राथमिक अभियुक्त रितेश कुमार मंडल पहले भी साइबर ठगी के मामले में जेल जा चुका है. वहीं पवन मंडल 2022 में साइबर अपराध के मामले में वांछित था. दोनों का मुख्य कार्यक्षेत्र पश्चिम बंगाल, बिहार, आंध्र प्रदेश और असम बताया गया है.

Exit mobile version