
चाईबासा. पश्चिमी सिंहभूम में बालू के अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी है. गुरुवार की देर रात चक्रधरपुर पोड़ाहाट एसडीओ श्रुति राजलक्ष्मी ने अवैध बालू लदे 4 ट्रैक्टर जब्त किये हैं. पोड़ाहाट एसडीओ को गुप्त सूचना मिली थी कि रोजाना कि तरह अवैध रूप से बालू गुदड़ी से ट्रैक्टर के माध्यम से चक्रधरपुर आ रहा है. इसलिए एसडीओ ने गुरुवार की मध्य रात्रि में चक्रधरपुर-सोनुआ मुख्य मार्ग पर जब ट्रैक्टर को इशारा करके रोकने की कोशिश की, तो उसके चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गये. बाद में एसडीओ ने सभी अवैध बालू लदा ट्रैक्टर का जब्त कर चक्रधरपुर थाना में भेजा दिया. साथ ही जिला खनन पदाधिकारी को इसकी सूचना दी. मालूम हो कि यह कार्रवाई उपायुक्त कुलदीप चौधरी द्वारा जिला अंतर्गत अवैध खनन, भंडारण व परिवहन पर पूर्ण रूपेण अंकुश लगाने के लिए दिये गये निर्देश के आलोक में की गयी है.
