
Jamshedpur.जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत नामोटोला में चल रही शराब दुकान को शुक्रवार को महिलाओं ने बंद करा दी. महिलाओं ने दुकान के सामने धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया. स्थानीय महिलाओं का कहना है कि शराब दुकान से क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है. नशे में धुत लोग महिलाओं और लड़कियों से छेड़छाड़ करते हैं. रात में शराब पीकर मारपीट और गाली-गलौज का माहौल बन जाता है. प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि उन्होंने कई बार डीसी और उत्पाद अधीक्षक को दुकान को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की लिखित शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
बाद में उत्पाद विभाग की टीम ने भी महिलाओं को भरोसा दिया कि दुकान को दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर दिया जायेगा. जिसके बाद महिलाएं शांत हुईं. आक्रोशित महिलाओं के अनुसार शराब दुकान के आसपास अक्सर युवक शराब पीकर महिला और युवतियों के साथ छेड़खानी और फब्बतियां कसते हैं. खासकर अंधेरा होने पर उक्त रास्ते से गुजरना भी महिलाओं और बच्चियों के लिये मुश्किल हो जाता है. पूर्व में कई बार इसकी शिकायत पुलिस और उत्पाद विभाग से की गयी. विभाग की ओर से 20 फरवरी को दुकान बंद करने का समय दिया गया था, लेकिन दुकान नहीं बंद की गयी. महिलाओं के अनुसार सुबह दुकान खुलते ही लोगों की भीड़ दुकान पर लगने लगती है. पुलिस व प्रशासन इसे बंद कराये.
