
पटना। बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान ने गति पकड़ ली है। निर्वाचन आयोग की ओर से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अब तक राज्य भर में कुल 86.32 प्रतिशत गणना प्रपत्र (ईएफ) प्राप्त किए जा चुके हैं। कुल 7 करोड़ 89 लाख 69 हजार 844 मतदाताओं में से 6 करोड़ 81 लाख 67 हजार 861 लोगों ने अब तक अपना ईएफ फॉर्म जमा किया है।
बचे हुए 9.16% मतदाताओं से संपर्क के लिए आयोग ने तीसरे चरण का अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। इसके तहत राज्यभर में करीब 1 लाख बूथ स्तर अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर संपर्क करेंगे और शेष मतदाताओं से फॉर्म भरवाने का काम करेंगे। यह अभियान 25 जुलाई की अंतिम तिथि तक जारी रहेगा।
इस अभियान के अंतर्गत मृतक, स्थानांतरित व दोहराए गए नामों को हटाने के साथ-साथ नए और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मतदाताओं की सुविधा के लिए https://voters.eci.gov.in पोर्टल और ECI नेट ऐप के जरिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। राज्य के सभी 261 शहरी स्थानीय निकायों के 5,683 वार्डों में विशेष शिविर भी लगाए गए हैं। साथ ही अखबारों व मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
READ MORE :Jamshedpur News :अग्रसेन जयंती 2025 की तैयारी शुरू, नई कार्यकारिणी घोषित
आयोग के अनुसार, ईसीआईनेट पोर्टल पर अब तक 6 करोड़ 20 लाख से अधिक प्रपत्र अपलोड किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त एक नया मॉड्यूल भी शुरू किया गया है, जिससे मतदाता यह देख सकते हैं कि उनका फॉर्म जमा हुआ या नहीं।
इस कार्य में राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त डेढ़ लाख बीएलए भी BLO की मदद कर रहे हैं। प्रत्येक बीएलए प्रतिदिन 50 ईएफ फॉर्म प्रमाणित कर रहे हैं। आयोग का उद्देश्य है कि 1 अगस्त 2025 को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में कोई पात्र मतदाता वंचित न रह जाए।
आयोग ने आम जनता से अपील की है कि वे समय रहते अपना गणना प्रपत्र भरें और लोकतांत्रिक अधिकार के उपयोग हेतु खुद को सुनिश्चित करें।
