


Prayagraj. महाकुंभ 2025 का मंगलवार को नौवां दिन रहा. मंगलवार को लगभग 28 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगायी. इस तरह नौ दिन में नौ करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं. बिजनेसमैन गौतम अडाणी पत्नी प्रीति अडाणी के साथ महाकुंभ पहुंचे. वे यहां करीब डेढ़ घंटे तक रहे. इस दौरान उन्होंने बड़े हनुमान की पूजा की, फिर संगम की आरती की.
इसके बाद अडाणी इस्कॉन की रसोई गये और वहां भंडारे का भोजन बनाया. फिर लोगों को खाना परोसा और खुद भी भंडारे में भोजन किया. पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी मंगलवार को ही पत्नी और मंत्री नंदी के साथ संगम में स्नान किया. उन्होंने कहा कि योगीजी ने बहुत बढ़िया व्यवस्था की है.बुधवार को योगी सरकार की कैबिनेट बैठक महाकुंभ में होगी. इसमें योगी सरकार के सभी 54 मंत्रियों को बुलाया गया है.बैठक में प्रदेश को कई सौगात देने वाली योजनाओं और प्रस्तावों को मंजूरी दी जायेगी. इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरे मंत्रिमंडल के साथ संगम स्नान करेंगे.
पांच को पीएम मोदी और 10 को राष्ट्रपति मुर्मू के कार्यक्रम की संभावना
सूत्रों की माने तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच फरवरी को महाकुंभ मेला 2025 का दौरा कर सकते हैं. वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 27 जनवरी को मेले में शामिल होने वाले हैं. गृहमंत्री अमित शाह अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक महाकुंभ में हिस्सा लेंगे. वह संगम में पवित्र डुबकी लगायेंगे. गंगा पूजा करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने शहर के प्रमुख चौराहों और कार्यक्रम स्थलों पर विशेष निगरानी के साथ सतर्कता बढ़ा दी है. संभावना है कि एक फरवरी को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी समारोह का हिस्सा बनेंगे व संगम में पवित्र डुबकी लगायेंगे. भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भी 10 फरवरी को प्रयागराज जाने की उम्मीद है.



