



हजारीबाग. झारखंड-बिहार सीमावर्ती क्षेत्र चौपारण में प्रयागराज महाकुंभ के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण गंभीर यातायात जाम की स्थिति बन गई है. एनएच-2 (जीटी रोड) पर पांडेबारा से बरही मुख्य चौक तक करीब 20 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई है.
महाकुंभ में जाने और वापस लौटने वाले श्रद्धालुओं की बसों और निजी वाहनों की बड़ी संख्या के कारण सड़क पर वाहनों का आना-जाना पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है.
इस महाजाम की वजह से हजारों यात्री अपने-अपने वाहनों में ही फंसे हुए हैं. कहीं-कहीं जीटी रोड की चौड़ाई कम है. वहीं वाहनों का अत्यधिक दबाव भी है. इस वजह से स्थिति और भी जटिल हो गई है. पुलिस और प्रशासन की टीमें जाम को हटाने में जुटी हुई हैं.
प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है और यातायात को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ने पर विचार कर रहा है. स्थानीय लोग भी फंसे हुए यात्रियों की मदद के लिए आगे आए हैं. कुछ ग्रामीण और दुकानदार यात्रियों को पानी और खाने-पीने की वस्तुएं उपलब्ध करा रहे हैं.
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है. प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की है ताकि यातायात को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके.


