


Chaibasa. पांड्राशाली ओपी अंतर्गत पुरनियां स्थित मिडिल स्कूल के पास सड़क किनारे नो इंट्री में खड़े हाइवा में तेज रफ्तार स्कूटी टकरा गयी. जिससे स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गयी. जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है. घटना बुधवार रात की है. मृतकों में पांड्राशाली ओपी क्षेत्र के डोमरा गांव निवासी जीतेंद्र मेलगांडी (25) और पुरनियां गांव निवासी सूर्यकांत होनहागा उर्फ सोनू शामिल हैं, जबकि घायल कमलेश होनहागा है. पुलिस ने गुरुवार को जीतेंद्र मेलगांडी का शव को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया.
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक एक स्कूटी पर सवार होकर बुधवार शाम को डोमरा गांव से पुरनियां गांव जा रहे थे. इसी दौरान चक्रधरपुर-खरसावां मार्ग पर पुरनियां गांव के पास नो इंट्री में खड़े एक हाइवा से टकरा गये. जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. रात्रि में घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण घटना स्थल पहुंचे और एंबुलेंस से तीनों को घटनास्थल से उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने जांच करने के बाद डोमरा गांव निवासी जीतेंद्र मेलगांडी को मृत घोषित कर दिया.
गंभीर रूप से घायल सूर्यकांत होनहागा और कमलेश होनहागा को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया. परिजन दोनों घायलों को बुधवार रात्रि को जमशेदपुर ले गये. वहां से भी सूर्यकांत मेलगांडी को चिकित्सकों ने रिम्स रांची रेफर कर दिया. जहां उसकी भी मौत हो गयी. परिजनों ने बताया कि जीतेंद्र मेलगांडी की पांच दिन पूर्व ही शादी हुई थी. उसने को-ऑपरेटिव कॉलेज जमशेदपुर से ग्रेजुएशन की थी. वह एक अच्छा फुटबॉलर भी था. दोनों की मौत से गांव में मातम में छा गया.



