



रांची. रिम्स अस्पताल में एक मार्च से नया सिस्टम लागू होने जा रहा है. इसके तहत बिना पास के किसी को भी अस्पताल परिसर में एंट्री नहीं दी जाएगी. सुरक्षा बढ़ाने और असुविधाओं को कम करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है.
इसके साथ ही अस्पताल में काम करने वाले डॉक्टर्स, नर्सेज व अन्य स्टाफ चाहे वे आउटसोर्स ही क्यों ना हो, उन्हें अस्पताल परिसर में प्रवेश करने के लिए आईकार्ड पहनना अनिवार्य होगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. वर्तमान में बिना पास के वाहन और लोग अस्पताल परिसर में आ-जा रहे हैं. यह नई व्यवस्था सख्ती से लागू की जाएगी. आईकार्ड से अस्पताल में काम करने वालों की पहचान सुनिश्चित हो सकेगी. बिना आईकार्ड के किसी भी कर्मी को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. वहीं, रिम्स के नए दिशा-निर्देशों के तहत अस्पताल परिसर में बाहर से आने वाले किसी भी टू व्हीलर और चार पहिया वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.
अस्पताल प्रशासन ने ओपीडी और इमरजेंसी डिपार्टमेंट में आने वाली गाड़ियों के लिए विशेष छूट देने का निर्णय लिया है. इन गाड़ियों को मरीजों की लाने और ले जाने के लिए परिसर के भीतर प्रवेश करने की अनुमति होगी. इस व्यवस्था से मरीजों और उनके परिवारों को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा. विशेष रूप से आपातकालीन स्थितियों में उन्हें रोका नहीं जाएगा. यह छूट केवल उन वाहनों को मिलेगी जो मरीजों को अस्पताल लाने और ले जाने के लिए अस्पताल परिसर में आयेंगे.
अस्पताल परिसर में सैकड़ों दुकानें लग रही हैं. अब बाउंड्री कराई जा रही है. इसके बाद परिसर में लगने वाली दुकानें हटाई जाएंगी. उन्हें परिसर में अन्य जगह पर व्यवस्थित करने की तैयारी है. इसके अलावा अवैध रूप से चल रही दुकानों पर भी कार्रवाई की तैयारी है.
रिम्स प्रशासन का कहना है कि हर दिन 3000 से अधिक गाड़ियां अस्पताल परिसर में आती हैं. नए नियम के लागू होने के बाद अस्पताल के बाहर पार्किंग होगी. केवल मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल तक लाने के लिए वाहनों को अंदर आने की अनुमति होगी.


