


Jamshedpur : मानगो के जवाहर नगर, रोड नंबर 13 में शनिवार सुबह एक गंभीर हादसा हुआ, जिसमें एक स्थानीय राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया. डिमना बस्ती निवासी रमेश पात्रो निर्माण कार्य के दौरान घर में बांस का भाड़ा बांध रहे थे, तभी ऊपर से गुजरते 11 हजार वोल्ट के तार के संपर्क में आ गए.
जानकारी के अनुसार, घर के मालिक ने उन्हें बार-बार चेतावनी दी थी, लेकिन रमेश गलती से तार को छू बैठे. जोर का बिजली का झटका लगने के कारण वह नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के तुरंत बाद घर के मालिक और स्थानीय लोगों ने रमेश को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने बताया कि शुरुआती इलाज के बाद उनकी हालत स्थिर है, जिससे उनके परिवार और इलाके के लोगों को राहत मिली है.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा असावधानी के कारण हुआ. स्थानीय प्रशासन ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी है. रमेश के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद जताई जा रही है.



