


Ranchi : झारखंड में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने वाला है. मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 8 सितंबर से राज्य के विभिन्न जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कई जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएँ चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है. विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है.
शनिवार को राँची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और धूप खिली रही. हालांकि बीच-बीच में बादल छाने से उमस और गर्मी का एहसास हुआ. विभाग का कहना है कि पिछले चार से पाँच दिनों से लगातार हो रही बारिश ने राज्य के कई जिलों में जनजीवन को प्रभावित किया है. ऐसे में नई बारिश का दौर लोगों की परेशानियाँ और बढ़ा सकता है.झारखंड पर्यटन
पिछले 24 घंटों में गोड्डा में सबसे अधिक तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में सबसे कम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, शनिवार को राँची का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री, जमशेदपुर में 31 डिग्री, डाल्टनगंज में 31.8 डिग्री, बोकारो में 31.5 डिग्री और चाईबासा में 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि मौसम में बदलाव को देखते हुए सावधानी बरतें और विशेषकर आकाशीय बिजली के दौरान खुले में न रहें.



