


Ranchi : झारखंड में भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ दिनों तक, खासकर 22 सितंबर तक, राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश, 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, पलामू में सबसे ज्यादा 40.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है. राज्य के बाकी हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई है.
इस साल अब तक झारखंड में औसत से 19% ज्यादा बारिश हो चुकी है. अब तक 1123.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य बारिश 944.5 मिमी मानी जाती है. हालांकि, पिछले सप्ताह के मुकाबले बारिश में 23% की कमी दर्ज की गई है. येलो अलर्ट के तहत किसानों और खुले में काम कर रहे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. वज्रपात और तेज हवाओं के खतरे को देखते हुए लोगों से खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है.
प्रशासन ने सभी जिलों में अधिकारियों को सतर्क रहने और जरूरी इंतजाम रखने के निर्देश दिए हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की वापसी की प्रक्रिया बठिंडा, फतेहाबाद, पिलानी, अजमेर, दौसा और भुज से शुरू हो चुकी है, लेकिन झारखंड में फिलहाल मानसून पूरी तरह सक्रिय है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह और पलामू जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.



