


नई दिल्ली. तमिलनाडु के करूर में एक बड़ी दुर्घटना घटी है. अभिनेता-राजनेता की रैली के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बनने के बाद 31 लोगों की की मौत हो गई. स्थानीय अस्पताल के अधिकारियों ने लोगों की मौत की जानकारी दी.
मरने वाले सात वयस्क विजय की राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेत्रि कझगम (TVK) के समर्थक थे. वे रैली स्थल पर कम से कम छह घंटे से विजय का इंतजार कर रहे थे. भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि लोगों के लिए खड़े रहना भी मुश्किल हो गया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना को लेकर ट्वीट किया और दुख जताया है. उन्होंने कहा, “तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद दुखद है. मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया. मैं इस कठिन समय में उन्हें शक्ति प्रदान करने का कामना करता हूं. सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”
सीएम स्टालिन रविवार को जायेंगे
एएनआई के अनुसार मुख्यमंत्री ने तुरंत मामले की जानकारी ली और जिला कलेक्टर, एसपी और मुझे अस्पताल पहुंचने का आदेश दिया. उन्होंने अतिरिक्त डॉक्टरों को बुलाने और उचित इलाज उपलब्ध कराने की सलाह दी. वहीं, सीएम स्टालिन सुबह करूर पहुंचेंगे और मामले की खुद जानकारी लेंगे.
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने एक्स पर पोस्ट किया करूर से आ रही खबर चिंताजनक है. मैंने पूर्व मंत्री वी सेंथिलबालाजी और मंत्री मा. सुब्रमण्यम और जिला कलेक्टर को फोन करके उन नागरिकों को तुरंत इलाज मुहैया कराने को कहा है जो भीड़ के कारण बेहोश हो गए हैं और अस्पताल में भर्ती हैं.
आगे कहा कि मैंने पास के त्रिची जिले के मंत्री अंबिल महेश को भी युद्धस्तर पर जरूरी मदद मुहैया कराने का आदेश दिया है. मैंने वहां के ADGP से भी बात की है कि वे जल्द से जल्द हालात सुधारने के लिए कदम उठाएं. मैं जनता से डॉक्टरों और पुलिस के साथ सहयोग करने का अनुरोध करता हूं.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राज्यपाल ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने करूर हादसे को लेकर एक्स पर पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा कि तमिलनाडु के करूर जिले में भगदड़ जैसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना में लोगों की दुखद मृत्यु के बारे में जानकर दुःख हुआ. मैं शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं. तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि ने एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की. उन्होंने लिखा कि करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान बच्चों सहित निर्दोष लोगों की दुखद मौत से मुझे गहरा दुःख और पीड़ा हुई है. इस दुःख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना.
डीएमके का विजय पर बड़ा आरोप, कहा- जानबूझकर भीड़ जुटाई गई
डीएमके प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने कहा बेहद भयावह करने देने वाले दृश्य हैं. एनडीटीवी के मुताबिक, डीएमके नेता ने इस त्रासदी के लिए अभिनेता से राजनेता बने विजय और उनके रैली आयोजकों को जिम्मेदार ठहराया और दावा किया कि लोगों को तपती धूप में घंटों इंतजार करना पड़ा. इस कार्यक्रम के आयोजकों द्वारा सोची-समझी चाल है. जिसके कारण यह हादसा हुआ.



