


Seraikella-Kharsawan: आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत तथा 18 जुलाई 2026 को होने वाली एनआई एक्ट मामलों की विशेष लोक अदालत की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला न्यायालय परिसर में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (प्रभार) के अध्यक्ष ब्रज किशोर पाण्डेय ने की।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत एवं विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर चल रही पूर्व सुलह (प्री-कॉन्सिलिएशन) कार्यवाही की समीक्षा की गई तथा अधिक से अधिक मामलों के आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण के लिए रणनीति तैयार की गई। बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए पूर्व सुलह बैठकें 12 जुलाई से तथा एनआई एक्ट मामलों की विशेष लोक अदालत के लिए 3 जुलाई से प्रारंभ हो चुकी हैं।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ब्रज किशोर पाण्डेय ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों से पक्षकारों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने और अधिकाधिक मामलों का सौहार्दपूर्ण निस्तारण कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रभावी पूर्व सुलह प्रक्रिया, न्यायिक अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी और पक्षकारों के सहयोग से दोनों लोक अदालतों को सफल बनाया जा सकता है।
बैठक में परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश वीरेश कुमार, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-द्वितीय दीपक मलिक, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी लूसी सोसेन टिग्गा, सिविल जज (वरीय प्रभाग)-तृतीय अनामिका किस्कू, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव तौसीफ मेराज, अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी आशीष अग्रवाल तथा न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी धृति धैर्य सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी न्यायिक पदाधिकारियों ने आपसी समन्वय, प्रतिबद्धता एवं सक्रिय सहभागिता के साथ राष्ट्रीय लोक अदालत और एनआई एक्ट विशेष लोक अदालत को सफल बनाने का संकल्प लिया।



