Jamshedpur. घाटशिला थाना क्षेत्र के चापड़ी गांव में 28 वर्षीय दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुश गोराई (27) के रूप में हुई है। वह चापड़ी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 29 सितंबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे की है। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी बेटी शौच के लिए गांव के मैदान की ओर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे अकेला पाकर कथित तौर पर झाड़ी से निकलकर उसका मुंह दबा दिया और जमीन पर गिराकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया।

पीड़िता के विरोध करने और चिल्लाने पर परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। आरोप है कि भागने के दौरान उसने पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में आरोपी की मां पीड़िता के घर पहुंची और वहां उसके परिजनों के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कुश गोराई को गिरफ्तार कर लिया।

