Ranchi. झारखंड के रांची जिले में 17 वर्षीय किशोरी से कथित तौर पर दुष्कर्म करने और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या करने के आरोप में 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 11वीं कक्षा की छात्रा का शव रविवार को उसके घर से लगभग 2.5 किलोमीटर दूर एक सुनसान इलाके में झाड़ियों से बरामद किया गया था।

मुरी चौकी प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर शराब के नशे में किशोरी को फोन किया और उसे अपने साथ नदी में नहाने चलने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि किशोरी अपने सात वर्षीय रिश्ते के भाई के साथ वहां पहुंची, जहां आरोपी ने उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

सिल्ली के पुलिस उपाधीक्षक मनीष चंद्र लाल ने बताया कि छापेमारी के बाद आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा,‘पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर किशोरी का मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि किशोरी अपने रिश्ते के भाई के साथ यह कहकर घर से निकली थी कि वह अपने भाई और भाभी से मिलने जा रही है लेकिन कुछ देर बाद बच्चा अकेले घर लौट आया, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि बाद में झाड़ियों में छात्रा का शव बरामद किया गया।

