Ranchi. झारखंड की राजधानी रांची में अज्ञात लोगों ने राजस्व विभाग के 40 वर्षीय अधिकारी की उसके घर में हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार को नामकुम थाना क्षेत्र के तेतर टोला में हुई। मृतक की पहचान लक्ष्मीकांत मुंडा के रूप में हुई है जो बुंडू प्रखंड के रहने वाले थे और अरगोड़ा अंचल कार्यालय में राजस्व उप निरीक्षक के पद पर तैनात थे। नामकुम के थाना प्रभारी रामनारायण ने कहा, ‘‘अज्ञात लोगों ने मुंडा पर उनके घर में हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना का पता तब चला, जब वह कार्यालय नहीं पहुंचे और वह अपने सहकर्मियों के फोन का भी जवाब नहीं दे रहे थे। मृतक के शव का पोस्टमार्टम रविवार को किया जाएगा।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस ने हत्या की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस लूटपाट और पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस को मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। उनके घर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज वाला डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) गायब है। अधिकारी ने बताया कि मामले में जांच जारी है।


