Adityapur. आदित्यपुर में किया शोरूम के बगल में स्थित उत्कल कंपनी में काम करने के दौरान 28 वर्षीय इरशाद आलम की मौत हो गई है। मृतक कपाली के अंसार नगर का निवासी था और पेशे से वेल्डर का काम करता था। जानकारी के मुताबिक, इरशाद उत्कल कंपनी के अंदर काम कर रहा था। इसी दौरान बड़े वाहन में लोड सामान में से एक भारी पाइप नीचे गिर गया। उस समय इरशाद भी वहीं काम कर रहे थे जिसके कारण पाइप उनके सिर पर गिर गया और उन्हें गंभीर चोट लग गई।

घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया जहां बुधवार शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इरशाद पिछले दो महीने से कंपनी में काम कर रहे थे। वह सात भाइयों में छठे नंबर पर थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस घटना के बाद परिवार ने कंपनी से उचित मुआवजे की मांग की है। हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक मुआवजे को लेकर कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं की गई है। कंपनी ने परिजनों को बातचीत कर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।
अब देखना होगा कि हादसे में जान गंवाने वाले इरशाद आलम के परिवार को कंपनी की ओर से उचित मुआवजा मिल पाता है या नहीं। फिलहाल परिवार को कंपनी के फैसले का इंतजार है।
वहीं एमजीएम अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में इरशाद के शव का पोस्टमार्टम करने की प्रक्रिया जारी है।


