Adityapur. सरायकेला-खरसावां जिले में रंगदारी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आदित्यपुर थाना पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल कुमार पंडित, शिवा कुमार, आकाश सिंह, जुलू माली और मुकेश केवट शामिल हैं। पुलिस ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप प्रगति नगर, वार्ड संख्या सात निवासी विकास पोद्दार ने रंगदारी मांगने को लेकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के आधार पर आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 308/26 दर्ज किया गया। मामले में नामजद पांचों आरोपियों के खिलाफ रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस जांच के दौरान एक और अहम बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, प्राथमिकी में नामजद राहुल पंडित और उसके चार साथियों ने बुधवार शाम करीब आठ बजे सालडीह चौक के पास खुद पर और अपने दोस्तों पर जानलेवा हमला होने की सूचना पुलिस को दी थी।

हालांकि, पुलिस ने जब सूचना का सत्यापन किया, तो प्रारंभिक जांच में यह सूचना रंगदारी के मामले से बचने के उद्देश्य से दी गई झूठी सूचना पाई गई। पुलिस के अनुसार, राहुल पंडित करीब दस दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। उसके खिलाफ कई मामलों में आरोपपत्र भी दाखिल किए जा चुके हैं। फिलहाल, रंगदारी के मामले में गिरफ्तार पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

