Saraikela. सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के खूंचीडीह में स्थित बंद पड़ी कोहिनूर स्टील कंपनी शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर सुर्खियों में आ गई। शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे ईडी की टीम ने कंपनी परिसर में दबिश दी और लगभग आठ घंटे तक सघन जांच अभियान चलाया। दोपहर करीब एक बजे के बाद अधिकारी जांच पूरी कर वहां से रवाना हो गए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोहिनूर स्टील कंपनी में पावर प्लांट लगाने की योजना के तहत विभिन्न बैंकों से करीब 900 करोड़ रुपये का कर्ज लिया गया था।

हालांकि, आरोप है कि इतनी बड़ी धनराशि ऋण के रूप में प्राप्त करने के बावजूद कंपनी में प्रस्तावित पावर प्लांट स्थापित नहीं किया गया। इसी मामले में शिकायत सामने आने के बाद ईडी की कार्रवाई को बैंक ऋण और उसके कथित इस्तेमाल से जोड़कर देखा जा रहा है।

छापेमारी के दौरान ईडी के अधिकारियों ने कंपनी परिसर में मौजूद कार्यालयों और अन्य स्थानों पर दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण कागजात खंगाले गए। बताया जा रहा है कि जांच के बाद टीम कुछ दस्तावेज अपने साथ भी ले गई है। इसके अलावा पूरे परिसर की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराकर जांच से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए।
गौरतलब है कि कोहिनूर स्टील कभी क्षेत्र की बड़ी औद्योगिक इकाइयों में शामिल थी, लेकिन लंबे समय से कंपनी में उत्पादन बंद है। अब करीब 900 करोड़ रुपये के कथित बैंक ऋण और पावर प्लांट स्थापित नहीं किए जाने के आरोपों के बीच ईडी की छापेमारी ने पुराने मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
हालांकि, ईडी की ओर से अब तक छापेमारी के कारणों, जांच में सामने आए तथ्यों और जब्त किए गए दस्तावेजों को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

