Chaibasa. पश्चिमी सिंहभूम में दिलदहलाने वाला मामला सामने आया है। चाईबासा के पास जोजोगुटू गांव में पांच साल की बच्ची को बहला-फुसलाकर जंगल ले गया, फिर दुष्कर्म के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए बेरहमी से हत्या कर दी। बच्ची का शव गांव के समीप जंगल से बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी रमाये गागराई को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को सदर अस्पताल चाईबासा में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार बच्ची जोजोगुटू की रहने वाली थी। वह मंगलवार से लापता थी। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की।

इस दौरान जानकारी मिली कि बच्ची को गांव के ही रमाये गागराई के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर शुक्रवार शाम को जोजोगुटू जंगल से बच्ची का शव बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.


