Jamshedpur. बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह स्थित आंध्रा एसोसिएशन के पास मैदान के समीप रविवार देर रात एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या दीपावली के दौरान जलाए गए पटाखों की चिंगारी हो सकती है।

हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मकान के अंदर खड़ी एक बाइक आग की चपेट में आ गई और देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग लगने के दौरान मकान के अंदर एक व्यक्ति मौजूद था। हालांकि, वह पीछे के दरवाजे से सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा।घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।


