Adityapur. आदित्यपुर थाना अंतर्गत सातवाहिनी के जुलुमटांड़ में सोमवार की देर शाम पूजा पंडाल के समीप सोनू कुमार नामक युवक को गोली मार दी गई। जुआ खेलने के दौरान विवाद के बाद युूवक को गोली मार दी गयी। गंभीर रूप से घायल सोनू को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के समीप कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी बीच एक युवक ने सोनू कुमार पर गोली चला दी। गोली लगते ही सोनू गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गोलीबारी की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर ताश की गड्डियां बिखरी मिलीं। इससे जुए के दौरान विवाद होने की आशंका को बल मिला है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है।

विशाल सिंह पर गोली मारने का आरोप, पुलिस कर रही तलाश
प्रथमदृष्टया विशाल सिंह नामक युवक पर सोनू को गोली मारने का आरोप लगाया जा रहा है। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस मृतक के भाई से भी पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कही है।

