Mednipur. झारखंड के पलामू जिले में देवी काली की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर दो गुटों के युवकों के बीच झड़प के दौरान पुलिस दल पर किये गये पथराव में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में हवा में गोलियां चलाईं। घटना सोमवार रात रेहला थाना क्षेत्र के रक्साहा गांव में हुई। रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने बताया कि पूछताछ के लिए आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है।

विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) चिरंजीवी मंडल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “जब पुलिस दल मौके पर पहुंचा तो दोनों गुटों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। इसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।”
उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों को हवा में चार गोलियां चलानी पड़ीं।
अधिकारी ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है।

बिरुआ ने बताया कि घटना में कुछ ग्रामीण भी घायल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि इस मामले में 31 नामजद व 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और झड़प व पथराव में शामिल लोगों को गिरफ्तार करने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।

