Jamshedpur. टाटा वर्कर्स यूनियन की कार्यकारिणी समिति (कमेटी मेंबर्स की कमेटी) की महत्वपूर्ण बैठक 12 नवंबर 2026 को सुबह 9:30 बजे आयोजित होगी। यूनियन के महामंत्री सतीश कुमार सिंह ने सभी ऑफिस बियरर्स और कार्यकारिणी सदस्यों को पत्र जारी कर बैठक में समय पर उपस्थित रहने का अनुरोध किया है। बैठक को लेकर यूनियन की ओर से चार सूत्री एजेंडा जारी किया गया है। सबसे पहले दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद 31 अगस्त 2026 को हुई पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की जाएगी। बैठक में जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर महीने के खातों को प्रस्तुत किया जाएगा। वित्तीय लेखा-जोखा और ऑडिट रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी। अंत में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य प्रासंगिक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

यूनियन के चार महीने के खर्च का लेखा-जोखा भी चर्चा का महत्वपूर्ण विषय रहने वाला है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जून से सितंबर 2026 के बीच ईंधन और रखरखाव पर कुल 1,74,804 रुपये खर्च किए गए। इस दौरान यूनियन के अध्यक्ष, महामंत्री और डिप्टी प्रेसिडेंट के लिए तीन बैटरी चालित गाड़ियां लाई गई हैं। इसके अलावा यूनियन के पास पेट्रोल और डीजल से चलने वाली दो अन्य गाड़ियां भी हैं l

खर्चों के बीच यूनियन की आर्थिक स्थिति भी चर्चा में है। जारी आंकड़ों के मुताबिक, टाटा वर्कर्स यूनियन के बैंक खाते में कुल 46 करोड़ 41 लाख 34 हजार 757 रुपये 95 पैसे जमा हैं। यूनियन को कर्मचारियों के चंदे के अलावा क्लब हाउस और ऑडिटोरियम समेत अन्य स्रोतों से भी आमदनी होती है। बैठक में यूनियन के वित्तीय प्रबंधन, कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों और वेज रिवीजन में हुए कथित नुकसान जैसे विषयों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

