New Delhi. आउटलुक’ ईमेल समेत माइक्रोसॉफ्ट की विभिन्न सेवाओं में वैश्विक स्तर पर आई व्यापक बाधा के बाद कंपनी की सभी सेवाएं शनिवार को बहाल हो गईं और उसने सेवाएं बाधित होने से हुई परेशानी के लिए गहरा खेद जताया। कंपनी कहा कि नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के दौरान आई तकनीकी समस्या के कारण सेवाएं प्रभावित हुई थीं। माइक्रोसॉफ्ट के सेवा स्थिति पेज पर शनिवार सुबह बताया गया कि माइक्रोसॉफ्ट 365 के कारोबारी और बड़ी कंपनियों के ग्राहकों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध सभी सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं।

माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस घटना के कारण हमारे ग्राहकों और साझेदारों को हुई परेशानी के लिए हमें बेहद खेद है। हम जानते हैं कि वे हमारी सेवाओं पर कितना भरोसा करते हैं और हम इस जिम्मेदारी को बहुत गंभीरता से लेते हैं। कंपनी ने कहा कि सेवाओं में बाधा तकनीकी खराबी के कारण आई थी और इसका साइबर गतिविधियों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) या एआई एजेंट से कोई संबंध नहीं था। उसने बताया कि पहले नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के दौरान एक समस्या उत्पन्न हुई थी, जो हाल में नेटवर्क में किए गए बदलाव के बाद सामने आई।

माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि उसने समस्या के मूल कारण को दूर कर दिया है। उसने कहा कि सेवाओं की भारी मांग को देखते हुए उन्हें चरणबद्ध तरीके से बहाल किया गया और प्रत्येक चरण में यह भी जांच की गई कि सेवाएं ठीक से काम कर रही हैं या नहीं।
कंपनी ने बताया कि इस प्रक्रिया में अधिक समय लगा, लेकिन इससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिली कि सेवाएं बहाल होने के बाद बिना किसी रुकावट के काम करती रहें।

