Adityapur. सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कल्पनापुरी स्थित श्मशान भूमि के समीप घने जंगल में मंगलवार दोपहर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे युवक अपने दो साथियों के साथ जंगल के सुनसान इलाके में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।

आरोप है कि गुस्से में आकर दोनों साथियों ने शराब की बोतल से युवक के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है।

