Ghatsila. धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा NH-18 पर नूतनगढ़ रेलवे फाटक और गजानन कारखाना के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि घने कोहरे के कारण बाइक सवार सड़क पर खड़े ट्रक को देख नहीं पाए और पीछे से उसमें जा टकराए। जानकारी के अनुसार दो बाइक पर सवार चार युवक रांची से ओडिशा के धौलगिरी जा रहे थे। इसी दौरान नूतनगढ़ रेलवे फाटक के पास खराब होने के कारण एक खाली ट्रक सड़क पर खड़ा था। तभी तेज रफ्तार बाइक (JH 01GV 6187) पर सवार लोहरदगा निवासी 26 वर्षीय विवेक महली और चान्हो निवासी 25 वर्षीय शिव शंकर महली ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गए।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में विवेक महली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिव शंकर महली गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक सुरक्षित बच गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और NHAI की एंबुलेंस से दोनों घायलों को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर जियाउल हक ने विवेक महली को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल शिव शंकर महली को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचे मृतक के भाई अमरेंद्र महली ने शव की पहचान की।


