
Ranchi . झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के चलते 2050 तक झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। सोरेन रांची के खेलगांव में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर और अन्य व्यक्तियों की उपस्थिति में राज्य के 26वें स्थापना दिवस समारोह के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जल संसाधन, सड़क, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, भवन निर्माण और अन्य विभागों से संबंधित 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की 1,650 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा, ”हमने राज्य में विकास की गति तेज कर दी है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि 2050 तक झारखंड देश के अग्रणी राज्यों के बराबर खड़ा हो। इस राज्य को आगे ले जाने की अपार संभावनाएं हैं।”

सोरेन ने कहा, ”जरूरत राज्य के 3.25 करोड़ लोगों के प्रति समर्पित एक ईमानदार नजरिये की है। इसी भावना के साथ आपकी ‘अबुआ सरकार’ (हमारी सरकार) लगातार काम कर रही है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के पास देश का सबसे बड़ा खनिज भंडार है, जिसकी आपूर्ति सदियों से न केवल देश भर में बल्कि दुनिया के विभिन्न देशों में भी की जाती रही है। सोरेन ने कहा, ”झारखंड ने अन्य राज्यों और देशों के शैक्षिक, सामाजिक, आर्थिक और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। दुर्भाग्यवश, जब उसी प्रगति का लाभ पाने की बात आयी, तो राज्य के मूल निवासी सबसे निचले पायदान पर रह गए।”
उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

सोरेन ने आगे कहा, ”युवाओं को जल, जंगल और जमीन, जो हमारे अस्तित्व की नींव हैं, का संरक्षण करके आने वाली पीढ़ियों का बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प लेना होगा।” उन्होंने कहा, ”यदि कोई भी ताकत हमें हमारे अधिकारों से वंचित करती है, तो हम उनके लिए लड़ने में सक्षम हैं, चाहे वह कानूनी लड़ाई के माध्यम से हो या राजनीतिक संघर्ष के जरिए। झारखंड का गठन वर्ष 2000 में बिहार से अलग करके किया गया था। राज्य का स्थापना दिवस 15 नवंबर को मनाया जाता है, जिस दिन आदिवासी नायक बिरसा मुंडा की जयंती भी होती है।
राज्य सरकार ने इस साल पखवाड़े भर चलने वाले स्थापना दिवस समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया था, जिसका समापन शनिवार को हुआ। इसी दिन 28 नवंबर, 2024 को सोरेन ने झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

