

जयपुर. पत्रकार कॉलोनी क्षेत्र में तेज रफ्तार ऑडी कार ने भीषण हादसा कर दिया.. अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे लगे ठेलों, थड़ियों और लोगों को कुचल दिया.. हादसे में 16 लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की जान चली गई..
घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की है.. ऑडी कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़े ठेलों पर चढ़ती चली गई.. करीब 30 मीटर तक कार ठेलों को रौंदती रही.. टक्कर से 12 से ज्यादा ठेले पलट गए और पास में खड़ी एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई..

अचानक हुए हादसे से इलाके में भगदड़ मच गई.. स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया.. 12 घायलों का इलाज एसएमएस और जयपुरिया अस्पताल में चल रहा है, जबकि चार को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है.. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है..
पुलिस के मुताबिक, कार में तीन से चार लोग सवार थे.. हादसे के बाद दो लोगों को हिरासत में लिया गया है.. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और नशे में गाड़ी चलाने की आशंका सामने आई है.. ऑडी कार को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है..
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं.. डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा भी घटनास्थल पर पहुंचे..



